

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

पंचेश्वर महादेव प्रांगण शिव मंदिर में 30वें मूर्ति स्थापना वार्षिकोत्सव एवं श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ गुरुवार को गणेश पूजन और भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।


श्री शिव मंदिर समिति, महिला सत्संग समिति और स्थानीय जनता के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से गणेश पूजा के साथ की गई। इसके बाद महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर कलश यात्रा निकाली। महिला श्रद्धालुओं ने मंदिर जलधारा से कलशों में जल भरकर शिव मंदिर परिसर की परिक्रमा की।



आयोजन के तहत श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ 16 जुलाई तक प्रतिदिन शाम तीन बजे से आयोजित किया जाएगा। कथा व्यास राजेंद्र प्रसाद पांडेय, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) द्वारा श्रद्धालुओं को कथा का श्रवण कराया जाएगा।


आयोजन के अंतिम दिन 16 जुलाई को सुबह यज्ञ की पूर्णाहुति और दोपहर दो बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

कार्यक्रम में मुख्य यजमान मंगला मराठा एवं रामचंद्र मराठा रहे। इस दौरान रमेश अधिकारी, मंदिर के पुजारी हेम पंत, जीवन तिवारी, दीपक खंडेलवाल, जगदीश अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल सहित शिव मंदिर एवं धर्मशाला समिति, महिला सत्संग समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


