खटीमा फायरिंग मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और कार बरामद

खटीमा फायरिंग मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और कार बरामद

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र के बरी अंजनिया गांव में भूमि विवाद के दौरान हुई कथित फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और स्कॉर्पियो कार बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार 5 जुलाई को बरी अंजनिया निवासी चंद्र बदन जोशी ने कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और एक आरोपी ने तमंचे से फायर कर जान से मारने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बिस्टी रोड स्थित देवहा पुल के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वजीत सिंह निवासी नानकमत्ता, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी कहलो निवासी बिलासपुर, रामपुर और सिमरन सिंह निवासी पहाड़पुर, बिलासपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।