खटीमा के इस्लाम नगर और गोटिया में बनीं दो सड़कें, लोगों को मिली राहत

खटीमा के इस्लाम नगर और गोटिया में बनीं दो सड़कें, लोगों को मिली राहत

स्थान – खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। वार्ड नंबर 9 के इस्लाम नगर और गोटिया क्षेत्र में दो सड़कों का निर्माण कार्य पूरा होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से बदहाल सड़कों की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब आवागमन में सुविधा मिलेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने नवनिर्मित सड़कों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय निवासियों और वार्ड सभासद ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और सड़क निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया।

नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि चुनाव के दौरान जब वह इस क्षेत्र में पहुंचे थे, तब यहां की सड़कों की हालत बेहद खराब थी। गलियों में कीचड़ भरा रहता था, जिससे स्कूली बच्चों और कब्रिस्तान जाने वाले लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी।

उन्होंने बताया कि स्थानीय समस्याओं को देखते हुए वार्ड सभासद से प्रस्ताव लिया गया और प्राथमिकता के आधार पर दोनों सड़कों का निर्माण कराया गया। उनका कहना है कि नगर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वार्ड नंबर 9 के सभासद मोहम्मद शरीफ ने नगर पालिका अध्यक्ष का आभार जताते हुए कहा कि सरकारी स्कूल को जाने वाली सड़क से प्रतिदिन करीब 700 से 800 बच्चे गुजरते हैं। पहले सड़क की खराब स्थिति के कारण बच्चों के गिरकर चोटिल होने की घटनाएं होती थीं। सड़क बनने से अब विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर क्षेत्र की सभी कच्ची और क्षतिग्रस्त सड़कों को चरणबद्ध तरीके से दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।