नैनीताल में तीन केंद्रों पर प्रवक्ता संस्कृत परीक्षा जारी, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे एसपी हल्द्वानी

नैनीताल में तीन केंद्रों पर प्रवक्ता संस्कृत परीक्षा जारी, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे एसपी हल्द्वानी

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की प्रवक्ता संस्कृत विषय की लिखित परीक्षा जनपद नैनीताल के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो पालियों में हो रही है और फिलहाल परीक्षा प्रक्रिया जारी है। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जोनल पुलिस अधिकारी, सहायक पुलिस अधिकारी और सेक्टर पुलिस अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराई जा सके।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए इनर और आउटर कॉर्डन ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस को केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य प्रतिबंधित सामग्री को रोकने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार चेकिंग की जा रही है। जरूरत पड़ने पर केंद्रों के आसपास चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अभ्यर्थियों और आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है।