
स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

पर्यटन नगरी मसूरी की मालरोड पर शाम के समय पैदल घूमने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राहत देने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रतिबंधित समय में वाहनों की अनधिकृत आवाजाही रोकने के लिए मालरोड के चार से पांच स्थानों पर बोलार्ड लगाए जाएंगे। साथ ही संपर्क मार्गों पर भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि दूसरे रास्तों से वाहन प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें।

इस योजना को लेकर एसडीएम राहुल आनंद ने नगर पालिका, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग और सर्वे टीम के अधिकारियों के साथ संभावित स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रीन चौक, अंबेडकर चौक, बाहर कैंची और हैम्पटन कोर्ट स्कूल मार्ग पर बोलार्ड लगाने की संभावनाएं देखी गईं।




निरीक्षण के दौरान भूमिगत पेयजल पाइपलाइन और अन्य यूटिलिटी को नुकसान से बचाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने संभावित स्थानों का जायजा लेते हुए यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि बोलार्ड लगाने के दौरान मौजूदा सुविधाओं को नुकसान न पहुंचे।


एसडीएम राहुल आनंद के अनुसार, मालरोड पर वाहनों की अनधिकृत एंट्री रोकने का निर्णय शासन स्तर पर आयोजित बैठक में लिया गया था। सर्वे टीम ने अपनी रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद बोलार्ड लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसमें करीब एक माह लग सकता है।


प्रशासन की प्रस्तावित व्यवस्था के तहत मालरोड पर शाम 4:30 बजे से रात 10:30 बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, आवश्यक सेवाओं और शासकीय वाहनों को नियमानुसार छूट दी जाएगी।

वहीं, कैमल्स बैक रोड को इस योजना से अलग रखा गया है। यहां स्थानीय आबादी और संचालित होटलों को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल इस मार्ग को योजना में शामिल नहीं किया है।




प्रशासन का उद्देश्य प्रतिबंधित समय के दौरान मालरोड को वाहनमुक्त रखकर पैदल चलने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल तैयार करना है। फिलहाल बोलार्ड लगाने का काम सर्वे और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शुरू हो सकेगा।

