
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की राजनीति में रामशरण नौटियाल के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल लंबे समय तक भाजपा से जुड़े रहे, लेकिन हाल ही में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके इस फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं जारी हैं।

इस मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रतिक्रिया देते हुए रामशरण नौटियाल पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक बड़ा परिवार है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान दिया जाता है। भट्ट के अनुसार, राजनीति में महत्वाकांक्षा भी एक महत्वपूर्ण पहलू है और कई बार अधिक महत्वाकांक्षा रखने वाले लोग किसी एक दल में लंबे समय तक नहीं टिक पाते।



महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा ने रामशरण नौटियाल को भी सम्मान दिया था। ऐसे में उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला क्यों लिया, इसका जवाब वही दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले हर व्यक्ति को सम्मान देने की परंपरा है, लेकिन अपनी महत्वाकांक्षाओं पर नियंत्रण रखना हर किसी के लिए आसान नहीं होता।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि पार्टी छोड़कर जाने वाले कई लोगों को बाद में अपने फैसले पर पछताना पड़ता है। उनके इस बयान के बाद रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर प्रदेश की राजनीति में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।



रामशरण नौटियाल के दल बदलने के फैसले और उस पर भाजपा नेतृत्व की प्रतिक्रिया को उत्तराखंड के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

