मंगलौर में रक्तदान शिविर का आयोजन, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

मंगलौर में रक्तदान शिविर का आयोजन, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

स्थान : रूड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

मंगलौर में आज सुबह 9 बजे पुलिस चौकी के निकट कुमार पैथोलॉजी में जीवन चैरिटेबल ब्लड सेंटर रुड़की की ओर से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मंगलौर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया और लोगों को भी इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया।

रक्तदान करने पहुंचे युवाओं ने कहा कि उनके द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचाने में मदद कर सकता है। इसी सोच के साथ वे नियमित रूप से रक्तदान करते हैं। कुछ युवाओं ने बताया कि वे छठी बार रक्तदान करने शिविर में पहुंचे हैं। उनका कहना है कि रक्तदान से बड़ा कोई सामाजिक योगदान नहीं, क्योंकि इससे जरूरत के समय मरीजों को जीवनदान मिल सकता है।

कुमार पैथोलॉजी के संचालक अमित कुमार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कराते आ रहे हैं। हर बार मंगलौर के लोग और युवा बड़ी संख्या में पहुंचकर इस अभियान में सहयोग करते हैं।

अमित कुमार ने कहा कि इस बार भी उन्हें युवाओं के उत्साह को देखते हुए शाम तक करीब 100 यूनिट रक्त एकत्र होने की उम्मीद है। एकत्र किया गया रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में मददगार साबित होगा।

उन्होंने रक्तदान शिविर को सफल बनाने में मंगलौर के युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे आगे आकर रक्तदान करें और जरूरतमंदों की मदद के लिए सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं।

शिविर के माध्यम से युवाओं ने संदेश दिया कि नियमित रक्तदान से कई लोगों की जान बचाने में योगदान दिया जा सकता है।