
स्थान : लालकुआं/हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ पर पलटवार करते हुए नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कांग्रेस पर संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए धामी सरकार प्रतिबद्ध है। आर्य ने घोषणा की कि कांग्रेस की राजनीति का जवाब देने और युवाओं को जागरूक करने के लिए भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ निकालेगी।

अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में दिनेश आर्य ने कहा कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड की प्रतिभाशाली बेटी थी। उसके साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई की और मामले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि अदालत ने आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। आर्य ने यह भी कहा कि मामले में सीबीआई जांच चल रही है। इसके बावजूद कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर यात्रा निकालकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।



वीआईपी मुद्दे पर सबूत देने की चुनौती

कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे कथित वीआईपी के मुद्दे पर राज्यसभा सांसद ने कहा कि यदि कांग्रेस के पास कोई ठोस सबूत या किसी व्यक्ति से संबंधित जानकारी है, तो उसे सार्वजनिक आरोप लगाने के बजाय जनता और जांच एजेंसियों के सामने प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिना ठोस तथ्यों के आरोप लगाकर प्रदेश की जनता को भ्रमित कर रही है।

भाजपा निकालेगी ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’
दिनेश आर्य ने कांग्रेस पर वोट चोरी और ईवीएम को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों के माध्यम से युवाओं को भड़काने और समाज में भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रही है। भाजपा इस कथित राजनीति का पर्दाफाश करने और युवाओं को जागरूक करने के लिए प्रदेशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ निकालेगी।



चुनावों में जनता ने भाजपा पर जताया भरोसा: आर्य
राज्यसभा सांसद ने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस की कथनी और करनी के अंतर को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन लोकसभा और दो विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है। आर्य ने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में भी जनता कांग्रेस की राजनीति का जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में अपनी यात्रा के माध्यम से कांग्रेस के आरोपों का जवाब देगी और जनता के बीच अपनी बात रखेगी।




