पछवादून में वायरल तीन कथित ऑडियो क्लिप से सियासी हलचल, मधु चौहान ने कांग्रेस पर उठाए सवाल

पछवादून में वायरल तीन कथित ऑडियो क्लिप से सियासी हलचल, मधु चौहान ने कांग्रेस पर उठाए सवाल

स्थान : विकासनगर (देहरादून)
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले पछवादून क्षेत्र में वायरल हो रही तीन कथित ऑडियो क्लिप को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इन ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर पार्टी में शामिल होने का दबाव बनाने, अभद्रता करने और धमकी देने जैसे आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर भाजपा नेत्री और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कांग्रेस तथा चकराता विधायक प्रीतम सिंह पर सवाल उठाए हैं।

विकासनगर में आयोजित पत्रकार वार्ता में मधु चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एक ओर कांग्रेस न्याय यात्रा निकाल रही है, वहीं दूसरी ओर उससे जुड़े लोगों पर जनता के साथ दबाव और जोर-जबरदस्ती करने के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वायरल ऑडियो क्लिप तो महज एक बानगी हैं और ऐसे अन्य मामले भी सामने आ सकते हैं।

मधु चौहान ने कथित ऑडियो में दबाव बनाने और धमकी देने से जुड़े आरोपों को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले का स्वतः संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

वायरल ऑडियो क्लिप को लेकर यह दावा भी किया जा रहा है कि कथित बातचीत में शामिल लोग कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के भाई हैं। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता, उसमें सुनाई देने वाली आवाजों की पहचान और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई और कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर नजरें टिकी हैं। ऑडियो क्लिप की सत्यता और आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।