लक्सर में मूसलाधार बारिश से बढ़ा बाढ़ का खतरा, नीलधारा गंगा और सोलानी नदी का जलस्तर बढ़ा

लक्सर में मूसलाधार बारिश से बढ़ा बाढ़ का खतरा, नीलधारा गंगा और सोलानी नदी का जलस्तर बढ़ा

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में मौसम विभाग का पूर्वानुमान अब असर दिखाने लगा है। पिछले 24 घंटे से लक्सर क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शहर की कई कॉलोनियों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। लक्सर क्षेत्र से होकर गुजरने वाली नीलधारा गंगा और सोलानी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे गंगा तटीय क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

संभावित खतरे को देखते हुए लक्सर के उपजिलाधिकारी ने सभी बाढ़ राहत चौकियों को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। नीलधारा गंगा और अन्य नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ चौकी पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मुनादी कर लोगों से नदी किनारे नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

लक्सर तहसील प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत शिविरों और बचाव व्यवस्थाओं को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार नजर रखी जा रही है।

सबसे अधिक चिंता खानपुर विधानसभा क्षेत्र के उन करीब एक दर्जन गांवों को लेकर है, जो बालावाली नीलधारा गंगा के किनारे बसे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि यदि नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो इन क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो सकते हैं।

फिलहाल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें।