कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित विभागों को 25 जुलाई तक सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

30 जुलाई से शुरू होने वाली पावन कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय, चिकित्सा सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन के निर्देश पर कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ियों की कटाई और सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। लिब्बरहेड़ी से मोहम्मदपुर झाल तथा उत्तरा टेक कॉलेज से कलियर की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर झाड़ियों को हटाया जा रहा है और मार्ग को सुरक्षित बनाया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, यात्रा मार्गों की नियमित निगरानी की जा रही है। सड़क मरम्मत, जल निकासी और अन्य आवश्यक कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है, ताकि बारिश के मौसम में भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी विभागों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि इस वर्ष की कांवड़ यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक ढंग से संपन्न हो।