

ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय वायुसेना (IAF) में भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। वायुसेना ने 6 जुलाई 2026 से दो प्रमुख भर्तियों—एयरमैन ग्रुप ‘Y’ (मेडिकल असिस्टेंट) इंटेक 02/2027 और अग्निवीर वायु इंटेक 02/2027—के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 जुलाई 2026 रात 11 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। दोनों भर्तियों की ऑनलाइन परीक्षा 22 और 23 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

एयरमैन ग्रुप ‘Y’ मेडिकल असिस्टेंट भर्ती
यह भर्ती अग्निपथ योजना के तहत नहीं बल्कि नियमित सेवा के लिए की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रारंभिक रूप से 20 वर्ष की सेवा का अवसर मिलेगा, जिसे आवश्यकता अनुसार बढ़ाया जा सकता है।


इस पद के लिए केवल भारतीय पुरुष नागरिक एवं नेपाल के गोरखा नागरिक आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी के पास फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और अंग्रेजी विषयों के साथ 10+2 में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। फार्मेसी डिप्लोमा, बी.फार्मा या बीएससी (फार्मेसी) धारकों के लिए भी आवेदन का प्रावधान रखा गया है।

वेतन और सुविधाएं
प्रशिक्षण के दौरान 14,600 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद शुरुआती वेतन 26,900 रुपये प्रतिमाह होगा, जिसके साथ महंगाई भत्ता, चिकित्सा सुविधा, सरकारी आवास, राशन, यूनिफॉर्म, सीएसडी सुविधा, वार्षिक अवकाश तथा 62.5 लाख रुपये का ग्रुप इंश्योरेंस भी मिलेगा।
चयन प्रक्रिया
भर्ती तीन चरणों में होगी। पहले चरण में ऑनलाइन परीक्षा, दूसरे चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा और एडाप्टेबिलिटी टेस्ट तथा तीसरे चरण में विस्तृत मेडिकल परीक्षण किया जाएगा।


अग्निवीर वायु भर्ती 2026
भारतीय वायुसेना ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर वायु इंटेक 02/2027 के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती के तहत अविवाहित भारतीय पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को चार वर्ष तक भारतीय वायुसेना में सेवा का अवसर मिलेगा।


योग्यता और आयु सीमा
अभ्यर्थी का जन्म 1 जुलाई 2005 से 1 जनवरी 2010 के बीच होना चाहिए। विज्ञान वर्ग के लिए गणित, भौतिकी और अंग्रेजी के साथ 10+2 में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं, जबकि अन्य वर्ग के लिए किसी भी संकाय से 10+2 में 50 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं।
वेतन और सेवा निधि
अग्निवीर वायु को पहले वर्ष 30,000 रुपये प्रतिमाह का पैकेज मिलेगा, जिसमें से 21,000 रुपये हाथ में मिलेंगे। चौथे वर्ष तक मासिक पैकेज बढ़कर 40,000 रुपये हो जाएगा। चार वर्ष की सेवा पूरी होने पर ब्याज सहित लगभग 10.04 लाख रुपये का सेवा निधि पैकेज दिया जाएगा। इसके अलावा जोखिम भत्ता, यात्रा भत्ता, राशन, आवास और 48 लाख रुपये का जीवन बीमा भी मिलेगा।
शारीरिक परीक्षा
पुरुष अभ्यर्थियों को 1.6 किलोमीटर दौड़ 7 मिनट में पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए समय सीमा 8 मिनट निर्धारित की गई है। इसके साथ पुश-अप, सिट-अप और स्क्वाट भी अनिवार्य होंगे।

आवेदन शुल्क
दोनों भर्तियों के लिए अभ्यर्थियों को 550 रुपये परीक्षा शुल्क के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी ऑनलाइन जमा करना होगा। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
महत्वपूर्ण तिथियां
- आवेदन शुरू : 6 जुलाई 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि : 26 जुलाई 2026
- ऑनलाइन परीक्षा : 22 एवं 23 सितंबर 2026
- अग्निवीर वायु की प्रोविजनल चयन सूची : मई 2027 के अंतिम सप्ताह
- अंतिम नामांकन सूची : 1 जून 2027 के बाद
भारतीय वायुसेना ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने और पात्रता संबंधी सभी शर्तों का सावधानीपूर्वक पालन करने की अपील की है।

