विश्व हिंदू परिषद और कांग्रेस में बयानबाजी तेज, धार्मिक मुद्दों पर सियासत गरमाई

विश्व हिंदू परिषद और कांग्रेस में बयानबाजी तेज, धार्मिक मुद्दों पर सियासत गरमाई

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर
: संजय जोशी

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने एक बैठक आयोजित कर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा द्वारा श्रीराम मंदिर अयोध्या में कथित दान चोरी मामले को लेकर विहिप और बजरंग दल पर लगाए गए आरोपों की कड़ी निंदा की है। संगठन ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा संवेदनशील विषय बताते हुए कांग्रेस पर राजनीतिकरण का आरोप लगाया।

विहिप के अध्यक्ष हर्ष पंत ने कहा कि विहिप और बजरंग दल दोनों ही संगठन धर्म रक्षक और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे संगठनों पर अनावश्यक आरोप लगाना उचित नहीं है और इससे समाज में भ्रम की स्थिति पैदा होती है।

हर्ष पंत ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता करन माहरा ने अन्य धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर भी मौन साधा है। उन्होंने कालू सिद्ध मंदिर को लेकर उठे विवाद और लालकुर्ती क्षेत्र में अतिक्रमण जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

विहिप ने यह भी दावा किया कि कुछ स्थानों पर धार्मिक स्थलों की भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में कार्रवाई न होने से स्थानीय लोगों में असंतोष है। संगठन ने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

वहीं, कांग्रेस ने विहिप के आरोपों का पलटवार करते हुए कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर भ्रामक राजनीति करने के बजाय तथ्यों के आधार पर बात की जानी चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि बिना प्रमाण के लगाए गए आरोप समाज में गलत संदेश देते हैं।

कांग्रेस कमेटी ने यह भी दावा किया कि करन माहरा के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र के 90 से अधिक मंदिरों, धूणियों एवं धार्मिक स्थलों के निर्माण, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए गए हैं। पार्टी ने कहा कि उनके कार्यकाल में धार्मिक स्थलों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इस तरह दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से राजनीतिक माहौल गरमा गया है।