टनकपुर में रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार, टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस का शुभारंभ और पीलीभीत–शाहजहांपुर मार्ग विस्तार

टनकपुर में रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार, टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस का शुभारंभ और पीलीभीत–शाहजहांपुर मार्ग विस्तार

स्थान : टनकपुर (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

चम्पावत और सीमांत क्षेत्र के लिए 6 जुलाई का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब टनकपुर–नांदेड साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया गया और टनकपुर–पीलीभीत सवारी गाड़ी का शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार किया गया। इन नई रेल सेवाओं से पूरे कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। वहीं टनकपुर रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह और अजय टम्टा ने नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नई रेल सेवाओं के शुरू होने से चम्पावत सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं, किसानों, व्यापारियों और पर्यटकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने से क्षेत्रीय आवागमन अधिक सुगम और तेज होगा।

अधिकारियों के अनुसार, इन नई रेल सेवाओं से न केवल यात्रा सुविधाएं बढ़ेंगी बल्कि क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और स्थानीय उत्पादों को भी नई गति मिलेगी। इससे सीमांत क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों में भी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर लोगों में उत्साह देखने को मिला। सिख समुदाय के लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद व्यक्त किया और इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील की कि आने वाले समय में क्षेत्र में और अधिक विकास परियोजनाएं लाई जाएं, ताकि सीमांत क्षेत्र को देश की मुख्यधारा से और मजबूती से जोड़ा जा सके। नई रेल सेवाओं को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।