

स्थान : देहरादून (चकराता)
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के चकराता क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर चकराता घूमने जा रहे पांच दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।


हादसा रविवार शाम कलेथा गांव के पास हुआ, जब मेरठ और बिजनौर के पांच दोस्त Hyundai i20 कार से चकराता की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि अचानक वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और वह सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।



स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर कालसी पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) साहिया पहुंचाया गया।


चिकित्सकों के अनुसार, मेरठ निवासी 24 वर्षीय शैंकी और उनके साथी ऋषभ को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। वहीं बिजनौर निवासी विशु, भुवन और प्रशांत को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर महंत इंद्रेश अस्पताल, देहरादून रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना राजस्व पुलिस क्षेत्र में हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि तकनीकी और अन्य सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा, ड्राइविंग सावधानी और सड़क की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।



