

लोकेशन : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

उत्तराखंड के गदरपुर क्षेत्र में भूमि कब्जाने के आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। हाल के दिनों में गदरपुर विधायक अरविंद पांडे और उनके संबंधियों पर लगाए गए आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है।


आरोप है कि बुक्सा जनजाति समाज की जमीन की गलत तरीके से रजिस्ट्री कराई गई और बाद में उसे अन्य जाति के व्यक्ति को बेच दिया गया। इन गंभीर आरोपों को लेकर आज विरोध प्रदर्शन किया गया।

इसी मुद्दे को लेकर आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने गदरपुर में विधायक का पुतला दहन किया और जोरदार नारेबाजी की।


प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भूमि विवाद जैसे मामलों में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब और जनजातीय समाज के अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि प्रदेश की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे के पूरक की तरह काम कर रहे हैं और नेता दोनों दलों के बीच आते-जाते रहते हैं, जिससे जनता को कोई वास्तविक विकल्प नहीं मिल पा रहा है।


आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने दावा किया कि उनका संगठन जनता के अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रहा है।


प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।


फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।

