

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया।


इस जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 70 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, राशन, अतिक्रमण, जलभराव और पेयजल से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखीं।


इसके साथ ही 25 ग्राम पंचायतों के मिनी सचिवालयों के माध्यम से भी ग्रामीणों की शिकायतें ऑनलाइन दर्ज की गईं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी राहत मिली।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण किया जाए, ताकि जनता को समय पर राहत मिल सके।



प्रशासन का कहना है कि इस तरह के जनसुनवाई कार्यक्रमों का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।


