हरिद्वार में वाहन चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

हरिद्वार में वाहन चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के बहादराबाद क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल को नंबर प्लेट मोड़कर बेचने की फिराक में थे। लेकिन पुलिस ने नहर पटरी क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

यह कार्रवाई बहादराबाद पुलिस द्वारा की गई, जिसने वाहन चोरी और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वही बाइक बरामद की है, जिसे हंस फाउंडेशन के बाहर से चोरी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के तहत की गई, जिसमें वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने पर जोर दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या वे किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़े हुए हैं।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।