
स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को चंद्रभागा बस स्टैंड स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में यात्रा संचालन से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।


बैठक में हरिद्वार की लग्जरी को-ऑपरेटिव बैंक एसोसिएशन को रोटेशन में 10वीं कंपनी के रूप में शामिल करने पर सहमति बनी। अब हरिद्वार की सभी बसें इसी रोटेशन व्यवस्था के तहत संचालित होंगी।

समिति ने यह निर्णय लिया कि केवल उन्हीं ट्रेवल एजेंटों को वाहन आवंटित किए जाएंगे, जिनके पास पर्यटन विभाग या आर.टी.ओ. विभाग द्वारा जारी वैध मान्यता पत्र होगा।

रोटेशन में शामिल सभी बस कंपनियों को निर्देशित किया गया है कि वे 25 मार्च 2026 तक अपने वाहनों की सूची अनिवार्य रूप से जमा कर दें। इसके बाद 30 मार्च 2026 को यात्रा के लिए वाहनों की रोटेशन लॉटरी निकाली जाएगी।
तीर्थयात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि इस वर्ष भी किराया वर्ष 2025 की दरों पर ही लागू रहेगा। यानी इस बार यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
यात्रा पर जाने वाले सभी वाहनों के लिए ‘गमन पत्र’ लेना अनिवार्य होगा। समिति ने स्पष्ट किया कि पिछले वर्ष की किराया दरों को ही बरकरार रखा गया है, ताकि चारधाम आने वाले श्रद्धालुओं को कोई कठिनाई न हो।

बैठक में समिति के पदाधिकारी और सदस्य कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने और यात्रा को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया।

