बाजपुर में किसान नेता जगतार सिंह बाजवा का भव्य स्वागत, युवाओं ने आंदोलन की सफलता का मनाया जश्न

बाजपुर में किसान नेता जगतार सिंह बाजवा का भव्य स्वागत, युवाओं ने आंदोलन की सफलता का मनाया जश्न

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय सहयोग देने वाले किसान नेता एवं भूमि बचाओ मुहिम के संयोजक जगतार सिंह बाजवा का क्षेत्र पहुंचने पर युवाओं और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर आंदोलन की सफलता पर खुशी जताई।

बाजपुर के भगत सिंह चौक पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों युवा एकत्र हुए और छात्र आंदोलन की सफलता पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। उपस्थित युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र आंदोलन की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि यह देशभर के युवाओं की एकजुटता और लोकतांत्रिक संघर्ष का परिणाम है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों की रक्षा के लिए युवाओं द्वारा किया गया संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा और लोकतंत्र को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।

जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि युवाओं की एकता और शांतिपूर्ण संघर्ष ने यह साबित कर दिया है कि अन्याय के खिलाफ उठी आवाज अंततः अपनी मंजिल तक पहुंचती है। उन्होंने आंदोलन में शामिल सभी छात्रों और युवाओं को बधाई देते हुए उनके साहस और एकजुटता की सराहना की।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में किसानों और युवाओं के अधिकारों से जुड़े किसी भी आंदोलन में वे कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े रहेंगे। उनका कहना था कि समाज और देश के विकास के लिए युवाओं की भागीदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा बेहद आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने आंदोलन की सफलता पर मिष्ठान वितरण किया और लोकतांत्रिक मूल्यों तथा युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव एकजुट रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाजसेवी राजेंद्र बेदी, दर्शन लाल गोयल, सौरभ परमार, सुनील पाठक, करन सिंह, योगेश सैनी, खेमकरण सैनी, सोनू निगम, डॉ. अरशद, रोहन, मोहम्मद रिजवान, चंदन सिंह सूर्यवंशी, सतपाल बाजवा, दीनदयाल सिंह, दीपक शर्मा, बब्बू सागर, दीपक पांडे, चमन सिंह, गुरबख्श सिंह, राज किशोर सिंह सहित सैकड़ों युवा एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।