गोरापड़ाव के स्टोन क्रशर में दर्दनाक हादसा, रेत में दबने से हेल्पर की मौत

गोरापड़ाव के स्टोन क्रशर में दर्दनाक हादसा, रेत में दबने से हेल्पर की मौत

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी के गोरापड़ाव स्थित एक स्टोन क्रशर में रविवार दोपहर हुई कथित लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। बरेली रोड पर स्थित क्रशर में काम कर रहे 30 वर्षीय हेल्पर पवन सिंह की रेत में दबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक पवन सिंह पुत्र मदन सिंह निवासी जयपुर वीसा, मोटाहल्दू (लालकुआं) क्रशर परिसर में डंपर में रेत के रिसाव को रोकने के लिए कट्टा लगा रहे थे। इसी दौरान जेसीबी चालक ने बिना यह सुनिश्चित किए कि नीचे कोई व्यक्ति मौजूद है, डंपर में ऊपर से रेत डाल दी। रेत के भारी दबाव में पवन सिंह वहीं दब गए और किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।

बताया जा रहा है कि इसके बाद चालक अनजाने में रेत से भरे डंपर को हल्द्वानी के चौफुला-कटघरिया मार्ग स्थित निर्माण स्थल पर खाली कर आया। शाम करीब चार बजे जब निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने रेत उठानी शुरू की तो उसमें युवक का शव दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई। मृतक की ताई ने शव की पहचान अपने भतीजे पवन सिंह के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। जेसीबी चालक, ठेकेदार और स्टोन क्रशर संचालक से पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों में कथित लापरवाही से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।