

स्थान – बाजपुर
रिपोर्टर – विशेष शर्मा

ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में चीनी मिल के कथित स्क्रैप घोटाले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने शनिवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम परिसर में सांकेतिक धरना देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।


धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बाजपुर चीनी मिल में करोड़ों रुपये के कथित स्क्रैप घोटाले की जांच कर दोषियों को तत्काल बर्खास्त कर जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कराने की मांग की, ताकि सच्चाई सामने आ सके।


किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरमिंदर सिंह लाडी ने सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों और क्षेत्र के हितों से जुड़े संस्थानों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है।


वहीं, ब्लॉक प्रमुख पति जोरावर सिंह भुल्लर ने कहा कि बाजपुर चीनी मिल किसानों की आजीविका और क्षेत्र की पहचान से जुड़ी हुई है। उन्होंने मांग की कि घोटाले में शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए और चीनी मिल को किसी भी स्थिति में कमजोर नहीं होने दिया जाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते ने कहा कि चीनी मिल को बचाने और भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बाजपुर कोतवाली का घेराव किया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


धरने के बाद प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम कोर्ट परिसर से आक्रोश जुलूस निकाला और बाजपुर कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने एसएसआई विक्रम सिंह धामी को तहरीर सौंपकर कथित घोटाले में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।



