
स्थान : नैनीताल

ब्यूरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 65 किलोमीटर दूर हल्द्वानी जनपद समेत पूरे उत्तराखंड में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। आए दिन लूट, हत्या और बलात्कार जैसे मामलों ने प्रदेशवासियों को हक्का-बक्का कर दिया है।

40–50 साल पहले की तुलना में अब ऐसी घटनाएं अधिक आम हो गई हैं, जिनमें जमीन-जायदाद, जेवर और प्रेम प्रसंग को लेकर लोगों के बीच खूनी संघर्ष तक हो रहा है।


ताज़ा मामला हल्द्वानी के गल्ला मंडी परिसर का है, जहां एक युवक और युवती की निर्मम हत्या के चलते सनसनी फैल गई। मृतकों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मंडी के पास मिले।

दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, चेहरों को बुरी तरह कुचलने से साफ प्रतीत होता है कि यह हत्या का मामला है।

पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू कर दिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।

सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।

एसपी मनोज कत्याल ने कहा कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। युवक और युवती की पहचान और उनके पिछले संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
उत्तराखंड के देव भूमि होने के बावजूद अपराध की इस बढ़ती लहर ने समाज में चिंता बढ़ा दी है, और नागरिक सुरक्षा के प्रति लोगों की संवेदनशीलता बढ़ा दी है।

