सेलाकुई में 500 महिला कर्मचारियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण

सेलाकुई में 500 महिला कर्मचारियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण

स्थान : विकासनगर

ब्यूरो रिपोर्ट

महिला सुरक्षा और बढ़ते महिला अपराधों को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए देहरादून पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में बड़े स्तर पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की।

पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के दिशा-निर्देशों में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र की दो प्रमुख कंपनियों—ईस्ट अफ्रीकन और अंबर प्राइवेट लिमिटेड—की लगभग 500 महिला कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि प्रशिक्षण के लिए पुलिस मुख्यालय से तकनीकी रूप से दक्ष और अनुभवी प्रशिक्षकों को भेजा गया।

इनमें अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता एवं उत्तराखंड पुलिस जूडो टीम की कोच अपर उपनिरीक्षक शालू चौधरी, फायर वूमेन अर्चना चौधरी तथा राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता वुशु कोच अंजना रानी शामिल रहीं।

प्रशिक्षकों ने महिलाओं को कम से कम शक्ति का उपयोग कर हमलावर से स्वयं को सुरक्षित रखने की प्रभावी तकनीकों का अभ्यास कराया। साथ ही आपात स्थिति में सतर्कता, मानसिक संतुलन और त्वरित निर्णय लेने के गुर भी सिखाए गए।

इस दौरान तकनीक के माध्यम से सुरक्षा को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर विवेक कुटियाल ने महिलाओं को ‘गौरा शक्ति ऐप’ की जानकारी देते हुए बताया कि

किसी भी आपातकालीन स्थिति में यह ऐप पुलिस तक तुरंत सूचना पहुंचाने में बेहद उपयोगी साबित होता है। उन्होंने महिलाओं से ऐप डाउनलोड कर इसका नियमित उपयोग करने की अपील की।

देहरादून पुलिस का कहना है कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी विभिन्न संस्थानों और औद्योगिक क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और सक्षम बनाया जा सके।