IPL 2026: RCB को नहीं मिला डीवाई पाटिल स्टेडियम, MI ने NOC देने से किया इनकार

IPL 2026: RCB को नहीं मिला डीवाई पाटिल स्टेडियम, MI ने NOC देने से किया इनकार

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को IPL 2026 में नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम को होम ग्राउंड बनाने का अवसर नहीं मिला। मुंबई इंडियंस (MI) ने स्टेडियम इस्तेमाल की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, RCB को NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) नहीं मिला, जिसके कारण डीवाई पाटिल स्टेडियम अब उनका विकल्प नहीं रहा। भारतीय दिग्गज विराट कोहली की टीम के लिए यह बड़ी चुनौती है।

RCB ने पहले बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर होम मैच कराने की योजना बनाई थी। 4 जून को RCB की IPL विजयी परेड के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत के बाद कर्नाटक सरकार ने स्टेडियम में बड़े आयोजनों के लिए कड़ा रुख अपनाया था। इसके चलते BCCI को विजय हजारे ट्रॉफी और विमेंस वर्ल्ड कप के कुछ मैच भी बेंगलुरु से बाहर शिफ्ट करने पड़े थे।

हालांकि, 17 जनवरी को कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को कर्नाटक सरकार से स्टेडियम में IPL और इंटरनेशनल मुकाबलों की मेजबानी की मंजूरी मिल गई थी। इसके बावजूद RCB ने अब चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने मैच कराना न चाहने का निर्णय लिया, और वे अब होम ग्राउंड के लिए नए विकल्प की तलाश में हैं।

MI ने कहा – देश में कई स्टेडियम उपलब्ध
वानखेड़े स्टेडियम और डीवाई पाटिल स्टेडियम के करीब होने के कारण, अगर कोई फ्रेंचाइजी किसी दूसरे फ्रेंचाइजी के होम ग्राउंड के पास अपना बेस बनाना चाहती है, तो उसे संबंधित फ्रेंचाइजी से अनुमति लेनी होती है। MI ने कहा कि देश में कई अन्य स्टेडियम उपलब्ध हैं और RCB को पहले उन विकल्पों पर विचार करना चाहिए।

RCB ने छत्तीसगढ़ सरकार से संपर्क किया
जनवरी में RCB ने छत्तीसगढ़ सरकार से रायपुर में कम से कम दो होम मैच कराने के लिए बातचीत की थी। डीवाई पाटिल स्टेडियम विकल्प बंद होने के बाद, इंदौर अब बाकी पांच मैचों के लिए प्रमुख विकल्प बन गया है।

कर्नाटक सरकार की रिपोर्ट में कहा गया कि 4 जून की भगदड़ की जिम्मेदारी RCB पर थी, और कोहली का भी जिक्र इसमें शामिल था। सरकार ने यह भी बताया कि RCB ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित विजयी परेड के लिए अनुमति नहीं ली थी।