सितारगंज में शुरू हुई सुपर स्पेशलिस्ट यूरोलॉजी ओपीडी, अब मरीजों को बड़े शहरों की यात्रा की जरूरत नहीं

सितारगंज में शुरू हुई सुपर स्पेशलिस्ट यूरोलॉजी ओपीडी, अब मरीजों को बड़े शहरों की यात्रा की जरूरत नहीं

स्थान : सितारगंज उधम सिंह नगर

ब्यूरो रिपोर्ट

सितारगंज के उप जिला चिकित्सालय में अब सुपर स्पेशलिस्ट यूरोलॉजी ओपीडी का शुभारंभ कर दिया गया है।

इससे क्षेत्र के मरीजों को गुर्दे और मूत्र संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए दूर के बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

इस अवसर पर डॉक्टर सुमित मंडल ने बताया कि वे हर बुधवार उप जिला चिकित्सालय सितारगंज में उपलब्ध रहेंगे।

उन्होंने कहा कि ओपीडी में गुर्दे की पथरी, प्रोस्टेट ग्रंथि का बढ़ना, पेशाब में खून आना, बार-बार पेशाब आना, मूत्र मार्ग में संक्रमण सहित अन्य गंभीर यूरोलॉजी संबंधी बीमारियों का विशेषज्ञ उपचार किया जाएगा।

डॉक्टर मंडल ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की मूत्र या गुर्दे की समस्या होने पर लापरवाही न करें और समय पर ओपीडी में जाकर विशेषज्ञ परामर्श लें।

उन्होंने यह भी बताया कि समय पर जांच और उपचार से इन बीमारियों को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

उप जिला चिकित्सालय सितारगंज में इस नई सुविधा के शुरू होने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में वृद्धि होगी और मरीजों को अब सुविधाजनक और विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा।