
स्थान – रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट
रामनगर क्षेत्र में मानव–वन्यजीव संघर्ष का एक और गंभीर मामला सामने आया है। कोसी रेंज अंतर्गत टेढ़ा गांव में जंगल से लकड़ी लेने गई एक महिला पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। ग्राम टेढ़ा निवासी 43 वर्षीय सीमा देवी अपने गांव की तीन अन्य महिलाओं के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक जंगल में सामने आए एक हाथी ने सीमा देवी पर हमला कर दिया।


प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हाथी ने महिला को अपनी सूंड में उठाकर जमीन पर जोर से पटक दिया। हमले में सीमा देवी को गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन हाथी की चिंघाड़ सुनकर वे भयभीत हो गईं।

घायल सीमा देवी ने आपबीती बताते हुए कहा कि जब हाथी उस पर पैर रखने वाला था, तब उसने भगवान गणेश का नाम लिया और हाथ जोड़ दिए। महिला के अनुसार, इसी दौरान हाथी पीछे की ओर मुड़ा और वह घिसटते हुए आगे बढ़ी, जिसके बाद हाथी ने उसे छोड़ दिया।

महिलाओं ने किसी तरह जान बचाकर जंगल से भागते हुए सड़क तक पहुंचने में सफलता पाई। सीमा देवी ने बताया कि हाथी कुछ दूरी तक उनका पीछा करते हुए सड़क तक भी आ गया था, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उसे गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी गई है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी अन्य ग्रामीण को नुकसान न पहुंचे।
इस मामले में डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि शीतकाल के दौरान हाथियों की गतिविधियां अधिक बढ़ जाती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं और सावधानी बरतें। वन विभाग का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

