द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज का तकनीकी शिक्षा सचिव ने किया निरीक्षण, कर्मचारियों की समस्याओं पर हुआ मंथन

द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज का तकनीकी शिक्षा सचिव ने किया निरीक्षण, कर्मचारियों की समस्याओं पर हुआ मंथन

संवाददाता: संजय जोशी

रानीखेत, 16 सितम्बर। बीटीकेआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज, द्वाराहाट में रविवार को तकनीकी शिक्षा सचिव रणजीत सिन्हा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कॉलेज प्रशासन को विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश विभाग प्रभारी अनिल शाही तथा भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट ने कॉलेज परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों और अनुबंधित कर्मचारियों की समस्याओं को उठाया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

अनिल शाही ने द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़कों की स्थिति पर भी सचिव का ध्यान आकर्षित किया और इनकी मरम्मत के लिए विभागीय कार्रवाई की आवश्यकता जताई। इस पर सचिव रणजीत सिन्हा ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य कैलाश भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सूरज उपाध्याय एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय बजेठा भी मौजूद रहे।