

स्थान… हल्द्वानी
रिपोर्ट…. पंकज सक्सेना

हल्द्वानी, 16 सितम्बर — काठगोदाम के गुलाब घाटी क्षेत्र में रविवार देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर गिरने से नैनीताल हाईवे पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।




जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक हुए भूस्खलन के चलते नैनीताल जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। हाईवे बंद होने के कारण हल्द्वानी और काठगोदाम से नैनीताल की ओर जा रहे सैकड़ों वाहन बीच रास्ते में फंसे रह गए। इनमें पर्यटकों के वाहन भी शामिल हैं, जो घंटों तक जाम में परेशान होते रहे।




सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया। फिलहाल मार्ग को खोलने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं।



अधिकारियों का कहना है कि अगर बारिश रुकी रही तो जल्द ही मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक मार्ग पूरी तरह से साफ नहीं हो जाता, अनावश्यक यात्रा से बचें।



