स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तराखंड की धामी सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को विशेष सौगात दी है। सरकार के निर्देश पर 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है। रक्षाबंधन के दिन चंपावत जिले में भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने इस सुविधा का लाभ उठाया।


लोहाघाट बस स्टेशन पर शुक्रवार सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाएं बसों में सवार होकर अपने-अपने मायके के लिए रवाना हुईं। निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया।



बस स्टेशन पर सुबह से ही मायके जाने वाली महिलाओं की आवाजाही बनी रही। महिलाएं अपने सामान के साथ बसों का इंतजार करती नजर आईं। बस आने के बाद महिलाओं ने परिवहन निगम की बसों में सवार होकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।

महिलाओं ने सरकार की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि रक्षाबंधन के मौके पर निशुल्क बस यात्रा की सुविधा उनके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से शानदार तोहफा है। इससे उन्हें मायके आने-जाने में काफी सहूलियत मिली है और यात्रा का खर्च भी बचा है।


कई महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार जताते हुए उनकी लंबी उम्र की कामना की। महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर सरकार की ओर से दी गई यह सुविधा बहनों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।

परिवहन निगम के लोहाघाट डिपो के वरिष्ठ लिपिक सूरज भान ने बताया कि सरकार के आदेश के अनुसार 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रदेश की मातृशक्ति को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है।



उन्होंने बताया कि सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं इस सुविधा का लाभ लेने के लिए बस स्टेशन पहुंच रही हैं। महिलाओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम के कर्मचारी भी पूरी तरह मुस्तैद हैं।

सूरज भान ने बताया कि निशुल्क बस सेवा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को अपना आधार कार्ड दिखाना होगा। आधार कार्ड के सत्यापन के बाद उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

लोहाघाट डिपो के कर्मचारियों ने बताया कि रक्षाबंधन के चलते बस स्टेशन पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक है। इसके बावजूद महिलाओं को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कर्मचारी सुबह से ही व्यवस्था में जुटे हुए हैं।
सरकार की इस पहल के चलते चंपावत जिले की महिलाओं को रक्षाबंधन पर अपने मायके पहुंचने में आर्थिक राहत मिली है। बड़ी संख्या में महिलाओं द्वारा योजना का लाभ उठाया जाना इस बात का संकेत है कि पर्व के दौरान निशुल्क परिवहन सुविधा उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है।
रक्षाबंधन के मौके पर लोहाघाट बस स्टेशन का नजारा भी अलग दिखाई दिया। हाथों में राखी और सामान लिए महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके रवाना होती नजर आईं। निशुल्क यात्रा की सुविधा ने उनके पर्व की खुशी को और बढ़ा दिया।

