रुड़की में संदिग्ध स्पा सेंटरों पर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, 83 पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई

रुड़की में संदिग्ध स्पा सेंटरों पर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, 83 पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

अवैध गतिविधियों और नियमों की अनदेखी के खिलाफ रुड़की पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और रुड़की पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संचालित संदिग्ध स्पा सेंटरों और होटलों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताएं सामने आने के बाद पुलिस ने चालानी कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि रुड़की क्षेत्र के कुछ स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी बीच दो दिन पहले एक स्थानीय चैनल की ग्राउंड रिपोर्ट में भी इन स्पा सेंटरों में कथित तौर पर नियमों की अनदेखी किए जाने का मामला प्रमुखता से उठाया गया था। खबर प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चेकिंग अभियान शुरू किया।

एसएसपी हरिद्वार के कड़े निर्देशों और रुड़की क्षेत्राधिकारी ओसीन जोशी के दिशा-निर्देशन में अभियान चलाया गया। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रुड़की क्षेत्र के विभिन्न स्पा सेंटरों और होटलों में अचानक पहुंचकर जांच की।

पुलिस टीम ने प्रतिष्ठानों में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों का सत्यापन किया। इसके साथ ही दस्तावेजों, संचालन से जुड़े नियमों और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस को कई स्थानों पर अनियमितताएं और संदिग्ध परिस्थितियां मिलीं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार मौके पर ही 83 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई और संबंधित मामलों को न्यायालय के समक्ष भेजा गया।

पुलिस की कार्रवाई की जद में रिलैक्स प्वाइंट स्पा सेंटर और मंत्रा स्पा सेंटर समेत अन्य प्रतिष्ठान भी आए। अभियान के दौरान पुलिस ने संचालकों को नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करने की बात कही।

पुलिस अधिकारियों ने स्पा सेंटर और होटल संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी प्रतिष्ठान में संदिग्ध गतिविधियां या सरकारी नियमों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने चेताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आवश्यकता पड़ने पर सीलिंग की कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है। अधिकारियों ने संचालकों से कहा कि प्रतिष्ठानों में आने वाले लोगों का नियमानुसार सत्यापन किया जाए और सभी जरूरी दस्तावेज व रिकॉर्ड व्यवस्थित रखे जाएं।

रुड़की पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य स्पा सेंटर और होटल संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति है। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।