

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

ऋषिकेश, 16 सितम्बर। ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। आसमान से बरस रही यह बारिश अब आफ़त बन चुकी है। गंगा और बरसाती नदियां अपने उफान पर हैं और चंद्रभागा नदी ने चार दशकों में पहली बार इतना उग्र रूप दिखाया है।




नटराज और ढालवाला के बीच बने चंद्रभागा पुल के ऊपर से नदी का पानी बहता देखा गया, जिससे खतरे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कुछ देर के लिए पुल पर यातायात रोक दिया। तेज बहाव के चलते कई वाहन फंस गए, जिनमें से तीन युवकों को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।




14 बीघा के पास स्थित नए पुल के पास नदी के तेज बहाव से लगभग 20 मीटर लंबा तटबंध टूटकर नदी में समा गया है। यदि बारिश का यही दौर जारी रहा और तटबंध और क्षतिग्रस्त हुआ, तो क्षेत्र की आबादी को सीधे खतरा हो सकता है।

मुनिकीरेती और आसपास के इलाकों में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। जगह-जगह पहाड़ों से मलबा गिरा है और कई सड़कों पर पेड़ आ गिरे हैं। नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।


प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से नदी किनारे न जाएं और सतर्क रहें।




