स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार


खटीमा में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने आशा कार्यकर्ताओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। होटल पर्च वुड में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने विधायक कापड़ी को राखी बांधी।


रक्षाबंधन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह और आपसी विश्वास की झलक देखने को मिली। आशा कार्यकर्ताओं ने विधायक को राखी बांधकर उनके सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की।


इस दौरान विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने सभी आशा कार्यकर्ताओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के सेवाभाव और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।


विधायक कापड़ी ने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था की पहुंच दूर-दराज के क्षेत्रों तक बनाने में उनका योगदान बेहद अहम है।

उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं का काम केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंदों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने में भी सहयोग करती हैं।


विधायक ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के समर्पण, मेहनत और सेवाभाव का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यों को प्रोत्साहन मिलने से वे और बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगी।



भुवन चंद्र कापड़ी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी सम्मान, विश्वास और भाईचारे का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी सौहार्द और अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश सिंह राठौर, जसविंदर सिंह बाजवा, अरविंद कुमार, राजकिशोर सक्सेना, देवेंद्र कन्याल और कांग्रेस नगर अध्यक्ष अमन अरोरा समेत कई पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में शिरकत की।

इस अवसर पर केशवी देवी, कमला मलकानी, देवकी जोशी, जानकी अधिकारी, मोनिका राणा, रीना राणा, सोनी, सुषमा, धनेश्वरी और रिंकी समेत बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में सभी ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और पर्व की खुशियां साझा कीं।

