

मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा ने दिलाई शपथ, न्यायिक और सामाजिक जगत की रही गरिमामयी उपस्थिति

स्थान: सितारगंज
रिपोर्ट: तनवीर आंसरी

हाल ही में संपन्न सितारगंज बार एसोसिएशन के चुनाव के बाद अग्रसेन ट्रस्ट सभागार में एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल के न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा उपस्थित रहे, जिन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।




कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश श्री सिकंद कुमार त्यागी, सिविल न्यायाधीश रुचिका नरूला, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन नैनीताल के अध्यक्ष और सचिव, उधम सिंह नगर, खटीमा और हल्द्वानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष एवं तमाम पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, और नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्वागत भाषणों ने समारोह को और भी गरिमामयी बना दिया। मंच से बोलते हुए विभिन्न अतिथियों ने बार एसोसिएशन के नवचयनित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं, साथ ही वकालत को जनसेवा का एक अहम माध्यम बताया।


हालांकि, चुनाव के दौरान कुछ स्थानीय अधिवक्ताओं की नाराजगी भी सामने आई थी। इस पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि यह बार का आंतरिक विषय है और आपसी एकता से इसका समाधान निकाल लिया जाएगा। सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर चलना ही प्राथमिकता है।


समारोह में बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय, न्यायिक प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने, और युवा वकीलों को प्रोत्साहित करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

शपथ ग्रहण समारोह में न्याय और लोकतंत्र की मजबूत होती परंपरा की झलक साफ दिखाई दी।



