हरिद्वार बस अड्डे पर मुठभेड़ से हड़कंप! हरियाणा पुलिस और बदमाशों के बीच चली गोली, एक उपनिरीक्षक गंभीर रूप से घायल

हरिद्वार बस अड्डे पर मुठभेड़ से हड़कंप! हरियाणा पुलिस और बदमाशों के बीच चली गोली, एक उपनिरीक्षक गंभीर रूप से घायल

स्थान – हरिद्वार
संवाददाता – धर्मराज


शहर के व्यस्ततम हरिद्वार रोडवेज बस अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रविवार शाम हरियाणा पुलिस और बदमाशों के बीच अचानक मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हरियाणा पुलिस के एक उपनिरीक्षक को गोली लग गई, जिन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी सिटी पंकज गैरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के जींद जिले की पुलिस एक वांछित बदमाश का पीछा करते हुए हरिद्वार पहुंची थी। हालांकि, इस कार्रवाई की सूचना हरियाणा पुलिस ने स्थानीय हरिद्वार पुलिस को नहीं दी थी। बस अड्डे पर घेराबंदी के दौरान बदमाश ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गया।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस हरकत में आई और पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई है। चौक-चौराहों पर कड़ी चेकिंग की जा रही है और संदिग्धों की तलाशी ली जा रही है।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बदमाश की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं और हरिद्वार में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

फिलहाल शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और तलाशी अभियान तेजी से जारी है। स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।