सितारगंज में कब्रिस्तान भूमि पर अवैध निर्माण से हंगामा

सितारगंज में कब्रिस्तान भूमि पर अवैध निर्माण से हंगामा

कब्रिस्तान कमेटी और सैकड़ों लोगों ने कोतवाली में दिया ज्ञापन, पुलिस ने कराया निर्माण कार्य बंद

स्थान – सितारगंज
रिपोर्ट – तनवीर आंसरी


रमपुरा स्थित कब्रिस्तान के विवादित भूखंड पर शनिवार देर रात अवैध निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा हो गया। कब्रिस्तान कमेटी के सदस्यों ने रात लगभग 9 बजे निर्माण कार्य को देख विरोध जताया और समाज के जिम्मेदार लोगों को इसकी जानकारी दी।

कब्रिस्तान कमेटी के अनुसार, विवादित भूमि पर युद्ध स्तर पर निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिसकी सामग्री बड़ी मात्रा में सड़क पर फैली हुई थी। इसे लेकर आक्रोशित मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग तत्काल कोतवाली पहुंचे और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विवादित स्थल का निरीक्षण किया और अवैध निर्माण कार्य को रुकवाया। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विवादित स्थल पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।