

स्थान -खटीमा उधम सिंह नगर

संवाद्दाता-अशोक सरकार



सहायक आबकारी आयुक्त प्रतिमान कन्याल के नेतृत्व में आबकारी विभाग की प्रवर्तन टीम ने आज खटीमा क्षेत्र-2 के अंतर्गत आलावृत्ति क्षेत्र में छापेमारी करते हुए लगभग 200 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। इसके साथ ही कच्ची शराब की तस्करी में उपयोग की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।



यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त आराधना पाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत की गई। संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं के.के. कांडपाल के आदेशानुसार 11 सितंबर से 20 सितंबर तक पूरे उधम सिंह नगर जिले में कच्ची शराब माफियाओं के खिलाफ सघन छापेमारी की जा रही है।


सहायक आबकारी आयुक्त प्रतिमान कन्याल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कच्ची शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जो लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है।
इस विशेष अभियान में आबकारी विभाग अपराध निरोधक क्षेत्र वन रुद्रपुर, आबकारी विभाग खटीमा क्षेत्र-2, तथा प्रवर्तन टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। छापेमारी दल में आबकारी निरीक्षक लालू राम, बृजेश नारायण जोशी, उप आबकारी निरीक्षक जगदीश कुमार, देवेंद्र कुमार, और बिजेंद्र सिंह जीना जैसे अधिकारी शामिल रहे।

अधिकारियों ने यह भी संकेत दिए कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।



