बाजपुर: रावण दहन स्थल बदलने की प्रशासन ने शुरू की तैयारी, रामलीला कमेटी ने जताई नाराजगी

बाजपुर: रावण दहन स्थल बदलने की प्रशासन ने शुरू की तैयारी, रामलीला कमेटी ने जताई नाराजगी

स्थान-बाजपुर

संवाद्दाता-भूपेंद्र सिंह पन्नू

ऊधम सिंह नगर, बाजपुर, 12 सितंबर – बाजपुर के बेरिया रोड स्थित सब्जी बाजार में कई वर्षों से चला आ रहा रावण दहन कार्यक्रम अब संभवतः अपने पारंपरिक स्थल से हटाया जा सकता है। प्रशासन द्वारा रावण दहन स्थल को बदलने की कवायद शुरू कर दी गई है, जिसे लेकर रामलीला कमेटी के पदाधिकारी नाराज नजर आ रहे हैं।

शुक्रवार को एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा, सीओ विभव सैनी, ईओ मनोज कुमार दास, और मंडी सचिव कैलाश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने बाजपुर अनाज मंडी परिसर और इंटर कॉलेज बाजपुर के मैदान का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण विकल्प के तौर पर नए रावण दहन स्थलों की तलाश के लिए किया गया।

प्रशासन का कहना है कि सब्जी बाजार क्षेत्र में अब जगह की कमी हो गई है, जिससे रावण दहन के समय जनता की सुरक्षा को लेकर खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसलिए वैकल्पिक स्थल तलाशे जा रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या हादसा न हो।

इस निर्णय को लेकर रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि वर्षों पुरानी परंपरा से छेड़छाड़ करना उचित नहीं है और इस मुद्दे पर उन्हें विश्वास में नहीं लिया गया।

इधर, नगर में रावण दहन स्थल को बदलने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की पोस्ट और प्रतिक्रियाएं साझा कर रहे हैं। कई लोग परंपरागत स्थल की वापसी की मांग कर रहे हैं, तो कुछ लोग प्रशासन की सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदम को उचित ठहरा रहे हैं।

अब देखना यह है कि प्रशासन और रामलीला कमेटी के बीच इस मुद्दे पर कोई सहमति बनती है या विवाद और गहराता है