


देहरादून

चारधाम यात्रा के लिए मंगलवार से हेली सेवा का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है। यह सेवा 15 जून को केदारनाथ धाम क्षेत्र में हुई हेलिकॉप्टर दुर्घटना के बाद अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी। अब उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों और दिशा-निर्देशों के तहत सेवाएं बहाल कर दी हैं।



यूकेडा की सीईओ सोनिका ने बताया कि हेली सेवा संचालन मंगलवार से पुनः प्रारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि,
“लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) द्वारा कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विभागीय समन्वय के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो मौसम की जानकारी और DGCA के नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करेगी।”



मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
हेलिकॉप्टर दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेली सेवाओं के संचालन को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा:



- प्रदेश में हेली सेवाओं के संचालन के लिए सख्त एसओपी (Standard Operating Procedure) तैयार की जाए।
- हेलिकॉप्टर की तकनीकी स्थिति की पूरी जांच उड़ान से पहले की जाए।
- हर उड़ान से पहले वास्तविक और सटीक मौसम अपडेट अनिवार्य रूप से लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि हेलीकॉप्टर ऑपरेटर कंपनियों को सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा। राज्य सरकार किसी भी स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं करेगी।

सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा प्राथमिकता
चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, और हेलिकॉप्टर सेवा विशेष रूप से बुजुर्ग व अस्वस्थ यात्रियों के लिए सहायक है। ऐसे में हेली सेवाओं का पुनः संचालन, लेकिन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किया जा रहा है।



