कांवड़ यात्रा के लिए एकल रूट की मांग, विधायक प्रदीप बत्रा ने दिया सुझाव

कांवड़ यात्रा के लिए एकल रूट की मांग, विधायक प्रदीप बत्रा ने दिया सुझाव

टॉप – रुड़की
संवाददाता प्रवेश राय

आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा है कि हरियाणा, दिल्ली और पंजाब से आने वाले भारी संख्या में शिवभक्तों को देखते हुए यात्रा के लिए एकल रूट और एक समान व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

विधायक बत्रा ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली–हरिद्वार नेशनल हाईवे और कांवड़ पटरी दोनों रास्तों से कांवड़ यात्रा निकलती है, जिससे स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इससे यातायात अवरुद्ध, व्यापार प्रभावित और आपात सेवाओं में बाधा जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

प्रदीप बत्रा ने स्पष्ट किया कि वे यह सुझाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ होने वाली आगामी बैठक में औपचारिक रूप से प्रस्तुत करेंगे। उनका मानना है

कि यदि सभी कांवड़ियों के लिए एक ही मार्ग निर्धारित कर दिया जाए, तो इससे पुलिस और प्रशासन को बेहतर प्रबंधन करने में सुविधा मिलेगी, साथ ही आमजन को भी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा, “हम कांवड़ियों का स्वागत पूरे श्रद्धा भाव से करते हैं, लेकिन उनके साथ-साथ स्थानीय जनता की सुविधा का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है। एक समान रूट की नीति प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी अधिक व्यावहारिक होगी।”

गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा के दौरान रुड़की व हरिद्वार क्षेत्र में हर वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे व्यवस्थाएं चुनौतीपूर्ण हो जाती हैं।