लोहाघाट के भेड़खान क्षेत्र में देवदार के पेड़ों की कटाई और अतिक्रमण से हड़कंप

लोहाघाट के भेड़खान क्षेत्र में देवदार के पेड़ों की कटाई और अतिक्रमण से हड़कंप

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

चंपावत जिले के लोहाघाट के भेड़खान क्षेत्र में मजार के नीचे लगे बहुमूल्य देवदार के पेड़ों को सुखाकर जमीन कब्जाने और खरीद-फरोख्त के धंधे ने चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, वन विभाग और राजस्व विभाग जो इन पेड़ों की सुरक्षा का दावा करते हैं, मौन साधे बैठे हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने इस मामले पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि देवदार लोहाघाट की शान हैं और दूर-दूर से पर्यटक इन्हें देखने आते हैं। परन्तु कुछ असामाजिक तत्व बिना किसी भय के देवदार के पेड़ों को सूखा कर जमीन पर कब्जा कर रहे हैं और उनका अवैध व्यापार कर रहे हैं।

पालिका अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वन और राजस्व विभाग को इस बात की जानकारी होने के बावजूद अतिक्रमणकारियों और पेड़ सुखाने वालों के खिलाफ कोई कड़ा कदम नहीं उठाया जा रहा है। क्षेत्र में पेड़ों की लॉपिंग और जड़ों को छीलकर बड़ी संख्या में देवदार के पेड़ सूखे पड़े हैं।

गोविंद वर्मा ने वन व राजस्व विभाग पर गंभीर साठगांठ के आरोप लगाते हुए प्रशासन से शीघ्र संज्ञान लेकर देवदार के पेड़ों की सुरक्षा एवं संबंधित अधिकारियों व अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो लोहाघाट से देवदार का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा।

पालिका अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से भी की जाएगी।