स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा


बाजपुर के तीन मूर्ति मंदिर, रामराज रोड स्थित दुकान में ताला तोड़कर चोरी के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी की 10,897 रुपये की नकदी समेत शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी पुलिस ने कब्जे में ली है।


जानकारी के अनुसार रूढमल गुप्ता की दुकान में बीते बुधवार को चोरी की घटना हुई थी। मामले में कोतवाली बाजपुर में अज्ञात के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र को सौंपी गई थी।


चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बाजपुर के निर्देशन में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।


पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने केशोवाला तिराहे से बन्नाखेड़ा रोड पर घेराबंदी की।

पुलिस ने घेराबंदी के दौरान 24 वर्षीय गुलशन पुत्र ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से गांव नंगथला, थाना अग्रोहा, जिला हिसार, हरियाणा का रहने वाला बताया गया है।


पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 10,897 रुपये नकद, वादी का आधार कार्ड, पांच डिब्बे सिगरेट, एक जींस पैंट, बेल्ट, टी-शर्ट, ग्रे-काले रंग का चैनदार बैग और घटना में प्रयुक्त स्टील की रॉड/पाना टमी बरामद किया गया।



बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में BNS की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ जिला हिसार, हरियाणा में पहले भी चोरी का मुकदमा दर्ज है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के लिए सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ मुखबिर तंत्र की भी मदद ली गई। महज 24 घंटे में मामले का खुलासा होने और चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद होने से पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक जसविन्दर सिंह, उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र, कांस्टेबल मनोज बेलवाल और कांस्टेबल सीपी त्रिभुवन पडलिया शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
Files

