स्थान : चमोली
रिपोटर : विनोद पाण्डेय


बद्रीनाथ धाम में दर्शन के दौरान राजस्थान से आई 17 वर्षीय युवती अचानक बेहोश होकर मंदिर परिसर में गिर पड़ी। युवती के अचानक गिरने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच ड्यूटी पर तैनात फायर वुमैन ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए युवती की मदद की।


घटना के समय मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात फायर वुमैन रश्मि और फायर वुमैन पूजा ने बिना समय गंवाए युवती के पास पहुंचकर उसकी स्थिति देखी। दोनों महिला कर्मियों ने तत्काल युवती को सुरक्षित तरीके से उठाया और उसे चिकित्सकीय सहायता दिलाने की व्यवस्था शुरू की।



युवती की हालत को देखते हुए फायर वुमैन रश्मि और पूजा ने उसे अपने कंधों पर उठाया। इसके बाद दोनों उसे बिना देरी किए नजदीकी चिकित्सालय की ओर ले गईं, ताकि समय रहते उसका उपचार शुरू कराया जा सके।

फायर कर्मियों की तत्परता के चलते युवती को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवती का उपचार किया और आवश्यक जांच के बाद उसकी हालत में सुधार बताया गया।

समय पर उपचार मिलने के बाद युवती अब स्वस्थ और सुरक्षित बताई जा रही है। उपचार पूरा होने के बाद उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

अपनी बेटी को स्वस्थ देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। बेटी के सुरक्षित होने पर परिजनों की आंखों में खुशी और राहत साफ नजर आई। उन्होंने मौके पर मदद करने वाली दोनों फायर वुमैन का आभार व्यक्त किया।



परिजनों ने फायर वुमैन रश्मि और पूजा की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर मदद नहीं मिलती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। उन्होंने दोनों महिला कर्मियों के मानवीय प्रयास के लिए उनका धन्यवाद किया।
परिजनों ने चमोली पुलिस और अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए तत्काल कार्रवाई की, जिससे उनकी बेटी को समय पर उपचार मिल सका।

घटना ने एक बार फिर बदरीनाथ धाम जैसे प्रमुख तीर्थस्थल पर तैनात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की तत्परता को सामने रखा है। फायर वुमैन रश्मि और पूजा द्वारा जिस तरह बिना समय गंवाए युवती को कंधे पर उठाकर अस्पताल पहुंचाया गया, उसकी स्थानीय स्तर पर भी सराहना की जा रही है।

