

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

भारत मौसम विभाग, देहरादून द्वारा 9 जुलाई के लिए जनपद नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा है।


जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के दौरान सड़कों पर मलबा आने और पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो सकता है। ऐसी स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई कर मार्गों को जल्द से जल्द सुचारु करें, ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।


लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों को संवेदनशील मोटर मार्गों पर चौबीसों घंटे जेसीबी मशीनों और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सभी विभागों से समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी मुख्यालय पर ही मौजूद रहेंगे और अपने मोबाइल फोन चौबीसों घंटे चालू रखेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करें।

उन्होंने कहा कि संभावित प्राकृतिक आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक उपकरण, मशीनें, मानव संसाधन और अन्य व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर जन-धन की हानि को न्यूनतम रखना है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान अफवाहों से बचने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा गया है।


उन्होंने कहा कि आपदा या आपातकालीन स्थिति में सूचना देने के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नंबरों 05942-231178 /79/81 मोबाइल नम्बर 8272080884 या टोल-फ्री नंबर 1077 पर आवश्यक रूप से उपलब्ध रहेंगे।

