रामनगर में मुख्यमंत्री धामी का बच्चों से आत्मीय संवाद, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

रामनगर में मुख्यमंत्री धामी का बच्चों से आत्मीय संवाद, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

स्थान : रामनगर
रिपोर्टर : संजय जोशी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रामनगर स्थित अहाना रिसॉर्ट हैलीपैड पहुंचे। यहां पहुंचने पर मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, राकेश नैनवाल, संजय डॉर्बी, इंदर रावत आदि ने उनका स्वागत किया।

हैलीपैड पर उस समय एक भावनात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला जब बड़ी संख्या में क्षेत्र के बच्चे वहां मौजूद थे। मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों को देखते ही स्वयं उनके बीच पहुंचकर उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री के पास पहुंचते ही बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ समय बिताते हुए उनसे उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं बड़ों का सम्मान करने की भी सीख दी। उन्होंने कहा कि बच्चे ही प्रदेश और देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

इस दौरान बच्चों ने भी मुख्यमंत्री के साथ बिताए गए पलों का भरपूर आनंद लिया और उनके साथ सेल्फी तथा समूह फोटो खिंचवाए। पूरा माहौल उत्साह और खुशी से भर गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।