कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीण क्षेत्रों का किया दौरा, अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीण क्षेत्रों का किया दौरा, अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के अनर्पा, अनोठी, पोखरी, सकदीना, देवनगर, पलड़ा, सरना सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष बिजली, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को खराब और क्षतिग्रस्त सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण एवं मरम्मत कार्य जल्द शुरू किए जा सकें।

कैबिनेट मंत्री ने पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वर्षा के दौरान यदि किसी कारणवश मोटर मार्ग बंद होते हैं तो उन्हें तत्काल खोलने के लिए आवश्यक टेंडर प्रक्रिया समय रहते पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना विभागों की जिम्मेदारी है।

राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सरकार लगातार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास हो।