स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट


केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने बुधवार को जल जीवन मिशन के तहत जनपद में संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी गतिमान योजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।


समीक्षा बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि मिशन के दोनों चरणों में जनपद में कुल 1645 योजनाएं संचालित की जा रही हैं।



इनमें से अब तक 1517 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 128 योजनाओं पर कार्य अभी गतिमान है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने शेष योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित सिंगल विलेज स्कीम और मल्टी विलेज स्कीम की अलग-अलग समीक्षा की गई। अधिकारियों से दोनों योजनाओं की वर्तमान स्थिति और शेष कार्यों के संबंध में जानकारी ली गई।

अजय टम्टा ने हर घर जल योजना के तहत हुई प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक पर्याप्त और सुचारु पेयजल आपूर्ति पहुंचाना है।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनके माध्यम से ग्रामीणों और अन्य लाभार्थियों को वास्तव में पेयजल सुविधा का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए। केवल निर्माण कार्य पूरा करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि योजना का लाभ लोगों तक पहुंचना भी जरूरी है।



केंद्रीय राज्य मंत्री ने निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गतिमान योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

अजय टम्टा ने कहा कि यदि किसी योजना में अनावश्यक विलंब अथवा किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से जल जीवन मिशन की योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कर हर घर तक पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने को कहा।

