स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


बसंत विहार क्षेत्र में देर रात हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार युवक को चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह बैरियर पर नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया।


पुलिस के मुताबिक पीछा किए जाने के दौरान स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान स्कूटी चालक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।



घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घायल बदमाश को पुलिस टीम ने तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके साथ ही अधिकारियों ने चिकित्सालय पहुंचकर घायल बदमाश के उपचार और घटना से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।


पुलिस जांच में सामने आया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश पर 14 अगस्त 2026 को बसंत विहार क्षेत्र में एक वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल होने का आरोप है। इस संबंध में बसंत विहार थाने में उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज बताया गया है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की गई है।



पुलिस के अनुसार बरामद एक्टिवा स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई बताई जा रही है। इसके साथ ही 14 अगस्त को हुई चेन स्नैचिंग की घटना में लूटी गई चेन भी आरोपी के कब्जे से बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एनक्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। घटनास्थल का एफएसएल टीम द्वारा भी निरीक्षण किया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और मुठभेड़ से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।


