
स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट

अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल ने आज मुख्य बाजार का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न कार्यों का फीडबैक लिया।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाजार क्षेत्र में शौचालय की कमी को गंभीरता से लेते हुए कई संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपयुक्त स्थानों का चयन कर संबंधित अधिकारियों को शौचालय कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


डीएम ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि बाजार में नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।


इसके साथ ही बाजार में झूलते बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि यह सुरक्षा की दृष्टि से बेहद जरूरी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने फड़ लगाने वालों को भी निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नगरवासियों की समस्याओं का समाधान करना और शहर में बेहतर व शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।


