
स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

नगर की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर लोहाघाट विकास संघर्ष समिति की मासिक बैठक सोमवार को एनक्सी भवन लोहाघाट में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा ने की। इस दौरान नगर पालिका की पार्किंग, अस्पताल की सुविधाओं और अन्य जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा ने कहा कि लोहाघाट नगर पालिका की ओर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से नगर पालिका कार्यालय के पास कार पार्किंग का निर्माण कराया गया है, लेकिन इस पार्किंग का लाभ आम जनता को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पालिका की ओर से केवल 20 लोगों को ही पार्किंग की सुविधा दी गई है।



गोरखा ने बताया कि पूर्व में नगर पालिका के साथ हुई बैठक में अधिशासी अधिकारी ने 17 सितंबर को पार्किंग मामले को लेकर लोहाघाट विकास संघर्ष समिति के साथ बैठक करने की बात कही थी। आरोप है कि अब तक पालिका की ओर से समिति से बैठक के संबंध में कोई संपर्क नहीं किया गया है।

समिति ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका की पार्किंग को आम जनता के लिए नहीं खोला गया तो लोहाघाट विकास संघर्ष समिति आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी। पदाधिकारियों ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सार्वजनिक पार्किंग का लाभ नगर के लोगों को मिलना चाहिए।


बैठक में लोहाघाट अस्पताल को उप जिला चिकित्सालय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र की बड़ी आबादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लोहाघाट अस्पताल पर निर्भर है, इसलिए अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाना जरूरी है।
विपिन गोरखा ने कहा कि अस्पताल की सुविधाओं को लेकर समिति जल्द ही प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से वार्ता करेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर समिति आंदोलनात्मक कदम भी उठाएगी।


बैठक के दौरान संगठन विस्तार पर भी निर्णय लिया गया। समिति अध्यक्ष के दिशा-निर्देश पर अधिवक्ता विपिन पुनेठा और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक नरेश देव को समिति का संरक्षक बनाया गया। वहीं ललित शाह को समिति के प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा ने कहा कि लोहाघाट विकास संघर्ष समिति नगर की जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्किंग, स्वास्थ्य, यातायात और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के सामने मजबूती से उठाया जाएगा और समाधान होने तक प्रयास जारी रहेंगे।

